बहराइच मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत सम्पन्न हुआ 85 कन्याओं का विवाह
जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व परिजनों ने दिया वर-वधू को आशीर्वाद
बाबुल का ऑगन बना गेंद घर परिसर
ब्यूरो रिपोर्ट दिलशाद अहमद
आज का भारत लाइव
बहराइच 28 फरवरी। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना अन्तर्गत गेंद घर परिसर बहराइच में विकास खंड चित्तौरा, रिसिया, पयागपुर एवं हुजूरपुर, नगर पालिका परिषद बहराइच एवं नानपारा तथा नगर पंचायत रूपईडीहा की गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले ज़रूरतमन्द, निराश्रित/निर्धन परिवारांे की हिन्दू समुदाय की 66 व अल्पसंख्यक समुदाय की 19 सहित कुल 85 विवाह योग्य कन्याओं का विवाह उनकी सामाजिक/धार्मिक मान्यता एवं परम्परा/रीति-रिवाज के साथ सम्पन्न कराया गया। मुख्य अतिथि विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी के प्रतिनिधि निशंक त्रिपाठी व सदर विधायक श्रीमती अनुपमा जायसवाल के प्रतिनिधि अशोक जायसवाल द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया।
वैवाहिक कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विधायक पयागपुर प्रतिनिधि श्री त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश के मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में समाज कल्याण विभाग द्वारा समाज के अन्तिम पायदान पर खड़े व्यक्तियों के लिए अनेकों योजनाएं संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि हर ज़रूरतमन्द तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने हेतु केन्द्र व राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। श्री त्रिपाठी ने सामूहिक विवाह जैसी योजना संचालित करने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री का आभार जताया।
सदर विधायक प्रतिनिधि श्री जायसवाल ने सभी नव विवाहित दम्पत्तियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी गरीब कन्याओं के विवाह के लिए दृढ़ संकल्पित है। जिसके लिए प्रदेश में प्रति वर्ष 01 लाख से अधिक गरीब कन्याओं के विवाह के लिए बजट का प्राविधान किया गया है। श्री जायसवाल ने महिला सशक्तिकरण पर बल देते हुए कहा कि आज महिलाओं के सम्मान व स्वावलम्बन के लिए अनेकों योजनाएं संचालित की जा रही है। विधायक प्रतिनिधि श्री त्रिपाठी व श्री जायसवाल ने प्रथम वेदी पर बैठ कर विधिवत पूजा पाठ सम्पन्न करने के उपरांत हिन्दू सप्तपदी विवाह विधि से कन्याओं का कन्यादान करते हुए नव दम्पत्तियों को वैवाहिक सामग्री और मिष्ठान का वितरण कर सुखमय दाम्पत्य जीवन के लिए आशीर्वाद दिया।
इससे पूर्व कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रद्धा पाण्डेय व बीडीओ पयागपुर दीपेन्द्र पाण्डेय ने अतिथियों को पुष्पगुक्ष्छ भेंट का स्वागत किया। सामूहिक विवाह समारोह में सम्बन्धित अधिकारी, गणमान्य व संभ्रान्तजन तथा बडी संख्या में वर वधू पक्ष के सगे सम्बन्धी मौजूद रहे।